कृषि उपज मंडी समिति की बैठक में फैसला, नोहराधार, राजगढ़, ददाहू और सराहां मंडियों की सुविधाएं सुधारने के निर्देश
कृषि उपज मंडी समिति (APMC) सिरमौर की त्रैमासिक बैठक में किसानों की सुविधाओं और जिले की मंडियों में बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने की। बैठक में पांवटा साहिब कृषि उपज मंडी परिसर में किसानों के लिए बने विश्राम गृह को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद नया विश्राम गृह बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
पांवटा साहिब में बनेगा नया विश्राम गृह
कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने बताया कि बैठक में जिले की विभिन्न मंडियों की समस्याओं और आगामी विकास कार्यों पर चर्चा की गई। पांवटा साहिब मंडी परिसर में किसानों के लिए बना विश्राम गृह असुरक्षित घोषित हो चुका है। ऐसे में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां नया विश्राम गृह बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है।
चार मंडियों की व्यवस्थाओं में होगा सुधार
सीताराम शर्मा ने बताया कि नोहराधार, राजगढ़, ददाहू और सराहां स्थित मंडियों की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। हाल ही में विभाग के उच्चाधिकारियों ने जिला सिरमौर की विभिन्न मंडियों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
टेंडर प्रक्रिया को लेकर बनाई रणनीति
बैठक में मंडियों के विकास कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। समिति ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और व्यवस्थाओं में सुधार लाने को लेकर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube