DC बिलासपुर राहुल कुमार ने किया शुभारंभ, मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उठाया आधुनिक तकनीक की ओर कदम
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की गई है। जिलाधीश बिलासपुर राहुल कुमार ने मंदिर न्यास की लाइव ब्रॉडकास्टिंग सेवा और आधुनिक तकनीक से तैयार सोलर हट्स का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम धर्मपाल सहित मंदिर प्रशासन के अधिकारी और न्यासी मौजूद रहे।
लाइव ब्रॉडकास्टिंग से होंगे माता के दर्शन
जिलाधीश राहुल कुमार ने रिबन काटकर दोनों सुविधाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि लाइव ब्रॉडकास्टिंग सुविधा शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को माता श्री नैना देवी के दर्शन आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को लाइनों में खड़े रहने के दौरान भी मंदिर परिसर और माता के दरबार के लाइव दर्शन की सुविधा मिलती रहेगी।
आधुनिक सोलर हट्स में बैठने और मोबाइल चार्ज की सुविधा
मंदिर न्यास की ओर से करीब 16 आधुनिक सोलर हट्स तैयार किए गए हैं। इन हट्स में श्रद्धालुओं के बैठने के साथ मोबाइल चार्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।
श्रद्धालु दर्शन के लिए आने के दौरान इन सोलर हट्स में आराम कर सकेंगे और अपने मोबाइल भी चार्ज कर सकेंगे।
जिलाधीश राहुल कुमार ने कहा कि मंदिर न्यास लगातार श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन और मंदिर न्यास का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर विकास कार्यों का किया निरीक्षण
जिलाधीश ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास की ओर से किए जा रहे विकास कार्य संतोषजनक पाए गए हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
इस मौके पर मंदिर अधिकारी चतर सिंह रानोत, अकाउंट ऑफिसर मनीष कुमार, मंदिर न्यासी प्रदीप शर्मा, महेश कुमार, प्रभात शर्मा और सहायक अभियंता सुनील शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube