शिमला I
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शिमला पुलिस ने रामपुर बुशहर के पास सैंज में एक एचआरटीसी (HRTC) बस में सवार युवक से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद की है। पकड़ी गई चरस की यह खेप हाल के समय की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कुमारसैन की टीम और स्पेशल सेल शिमला को एक गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की एक बड़ी खेप बस के जरिए ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को सैंज चौक के पास लूहरी सड़क पर नाकाबंदी की।
जांच के दौरान कुल्लू से बागा सराहन जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस को तलाशी के लिए रोका गया। संदेह के आधार पर बस में सवार एक युवक के सामान की जांच की गई, जिसमें उसके बैग से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पंकज कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कांगड़ा जिले की पालमपुर तहसील के गांव अपरढाह का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।