शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोटखाई और रोहड़ू थाना क्षेत्रों में की है, जहाँ आरोपी नशे की हालत में आमजन और मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन रहे थे।
दिनांक 15.04.2026 की रात को थाना कोटखाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कोटखाई से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अस्पताल परिसर में नशे की धुत अवस्था में हुड़दंग मचा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सागर नेपाली उर्फ राजू (30 वर्ष) को काबू किया। आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को परेशान कर रहा था और बार-बार समझाने के बावजूद उसका आचरण नहीं सुधरा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धारा 126/170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया।
थाना रोहड़ू के अंतर्गत गंगटोली क्षेत्र में भी पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यहाँ जय सिंह (38 वर्ष), निवासी टिक्करी (चिड़गांव), शराब के नशे में एक परिवार को धमका रहा था और सार्वजनिक शांति को बाधित कर रहा था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उसके विरुद्ध भी धारा 126, 170 BNSS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण (Medical Examination) करवा लिया गया है और उन्हें हवालात में रखा गया है। नियमों के मुताबिक, आरोपियों को संबंधित SDM कोटखाई एवं रोहड़ू के समक्ष पेश किया जा रहा है।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि वे समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या नशे के प्रभाव में हुड़दंग मचाने वालों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें।