संजौली बुलाकर 7 से 8 जूनियर छात्रों की रैगिंग करने का आरोप, अस्पताल प्रबंधन ने जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित प्रदेश के एकमात्र सरकारी डेंटल कॉलेज में जूनियर विद्यार्थियों से रैगिंग का मामला सामने आया है। कॉलेज के तीन सीनियर छात्रों पर रैगिंग करने के आरोप लगे हैं।
इस संबंध में जूनियर विद्यार्थियों की ओर से अस्पताल प्रबंधन को ई-मेल के जरिए तीन शिकायतें भेजी गई हैं। शिकायतों के साथ कथित रैगिंग की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है।
संजौली बुलाकर रैगिंग करने का आरोप
शिकायत में जूनियर विद्यार्थियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें शिमला के उपनगर संजौली में बुलाया गया था, जहां तीन सीनियर छात्रों ने उनके साथ रैगिंग की। बताया जा रहा है कि सीनियर छात्रों ने फोन कर 7 से 8 जूनियर विद्यार्थियों को एक परिसर में बुलाया था। इसके बाद वहां उनके साथ कथित तौर पर कई तरह की बातें की गईं।
जूनियर विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत में मामले में कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन को भेजी गई तीनों शिकायतें बिना नाम के ई-मेल के जरिए प्राप्त हुई हैं। इनके साथ भेजी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी जांच
अस्पताल प्रबंधन को गुरुवार सुबह शिकायतों से संबंधित ई-मेल प्राप्त हुईं। इसके बाद मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दी गई। कमेटी से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
कमेटी संजौली में हुए कथित घटनाक्रम और ऑडियो रिकॉर्डिंग से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। शिकायतों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जांच के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि जांच में रैगिंग के आरोपों की पुष्टि होती है तो आरोपी छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube