शिमला
बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। जहाँ पूरी दुनिया रणवीर सिंह के एक्शन की दीवानी हो रही है, वहीं इस फिल्म के जरिए हिमाचल की एक बेटी, हितिका बाली सोशल मीडिया पर नेशनल क्रश बनकर उभरी हैं।
फिल्म की असली 'धुरी' है हरलीन का किरदार
फिल्म में हितिका बाली ने जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) की छोटी बहन 'हरलीन कौर रांगी' का बेहद भावुक और महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। फिल्म की पूरी कहानी उसी मोड़ से शुरू होती है जहाँ हरलीन का किरदार केंद्र में आता है। अपनी बहन की रक्षा के लिए ही नायक को हथियार उठाने पड़ते हैं, जो आगे चलकर एक राष्ट्रीय सुरक्षा मिशन का रूप ले लेता है।
भले ही हितिका का स्क्रीन टाइम बहुत लंबा नहीं है, लेकिन उनके द्वारा निभाए गए इमोशनल सीन्स ने सिनेमाघरों में बैठे दर्शकों की आँखों को नम कर दिया है। आलोचकों का मानना है कि हितिका ने अपनी सादगी और अभिनय से इस छोटे से रोल को फिल्म की जान बना दिया है।
मिस हिमाचल से बॉलीवुड तक का सफर
शिमला की रहने वाली हितिका बाली का यह सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। 28 नवंबर 1999 को जन्मी हितिका ने अपनी प्रारंभिक पहचान ग्लैमर की दुनिया में बनाई:
उपलब्धियां: 'मिस हिमाचल 2023' का खिताब और 'मिस ग्लोबल यूथ' का टाइटल।
शिक्षा: चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर ऑनर्स में स्नातक।
शुरुआत: उन्होंने अपनी पहली पंजाबी फिल्म 'Madhaniyan' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी।
पहाड़ी बेटी की बहुमुखी प्रतिभा
एक्टिंग और मॉडलिंग के अलावा हितिका को एडवेंचर स्पोर्ट्स का भी काफी शौक है, जो उनके पहाड़ी मूल के होने की गवाही देता है। कई म्यूजिक वीडियो में अपनी पहचान बनाने के बाद, बॉलीवुड की इतनी बड़ी फिल्म में ब्रेक मिलना उनके करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो रहा है।
शिमला जैसे छोटे शहर से निकलकर बॉलीवुड की 100 करोड़ी फिल्म का हिस्सा बनना गर्व की बात है। हितिका ने साबित किया है कि अगर टैलेंट हो, तो पहाड़ की ऊंचाई भी छोटी पड़ जाती है।