धर्मपुर
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के त्रिस्तरीय चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन धर्मपुर विकास खंड में भारी उत्साह देखने को मिला। इसी कड़ी में 'सरी' जिला परिषद वार्ड से जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता सपना देवी ने आज एसडीएम धर्मपुर के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
उनके नामांकन में सरी निवासी सेवानिवृत्त स्कूल प्रिंसिपल सुरेन्द्र गुलेरिया प्रस्तावक के रूप में शामिल रहे।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला शक्ति प्रदर्शन जुलूस
नामांकन से पूर्व सपना देवी ने धर्मपुर बाजार में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पारंपरिक ढोल-ताशों की थाप पर एक विशाल जुलूस निकाला। इस जुलूस का नेतृत्व चुनाव अभियान संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ.
कुलदीप गुलेरिया, पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह, विजय गुलेरिया, भोलादत कश्यप और करतार सिंह चौहान जैसे दिग्गज नेताओं ने किया। इस दौरान समर्थकों ने सपना देवी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
डॉ. कुलदीप गुलेरिया ने बताया कि सपना देवी पिछले डेढ़ दशक से क्षेत्र में एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान बना चुकी हैं। वे महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, ज्ञान-विज्ञान एवं साक्षरता समिति और नशा मुक्ति अभियान जैसी एक दर्जन से अधिक संस्थाओं से जुड़ी हैं।
सपना देवी ने समय-समय पर मनरेगा, आंगनवाड़ी, मिड-डे मील और आशा वर्करों की आवाज उठाई है। आपदा प्रभावितों और एनएच (NH) प्रभावितों के न्याय के लिए संघर्ष किया है। अवैध खनन के खिलाफ भी वे मुखर रही हैं।
चुनावी घोषणा पत्र: नशे की रोकथाम सबसे बड़ी प्राथमिकता
सरी ग्राम पंचायत के कपाही गांव की निवासी और मरैटी गांव की बेटी सपना देवी ने नामांकन के बाद अपना चुनावी विजन स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनके घोषणा पत्र में धर्मपुर क्षेत्र में बढ़ते नशे की रोकथाम सबसे पहली प्राथमिकता है।
इसके अलावा उनके मुख्य चुनावी मुद्दे इस प्रकार हैं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रयास, जैविक कृषि को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और ग्रामीण विकास को गति देना, स्वास्थ्य, शिक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार।
क्यों जरूरी है सामाजिक पृष्ठभूमि का उम्मीदवार?
पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिला परिषद जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए राजनीतिक दलों से संबद्धता के बजाय ऐसे उम्मीदवार को जिताना आवश्यक है, जिसने राजनीति में आने से पहले ही समाज की सेवा की हो। सपना देवी का 15 वर्षों का सेवा रिकॉर्ड उन्हें अन्य उम्मीदवारों से अलग खड़ा करता है।