नूरपुर।
पुलिस जिला नूरपुर में नशा माफिया के खिलाफ छेड़ी गई जंग में CIA टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। रेहन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में चरस बरामद की है।
इस मामले में पुलिस ने चंबा जिला के दो युवकों को हिरासत में लिया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब नशे के इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
नशे के सौदागरों पर नकेल कसने के लिए नूरपुर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में CIA टीम नूरपुर ने सकरी खड्ड श्मशान घाट (रेहन) के पास एक विशेष नाका लगाया था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऑल्टो कार (नंबर HP 47A 2812) को तलाशी के लिए रोका।
जब कार की गहनता से जांच की गई, तो उसमें से 1 किलो 210 ग्राम चरस की खेप बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों रोबिन (33 वर्ष) निवासी नैनीखड्ड, तहसील भटियात, जिला चंबा, यूसुफ (24 वर्ष) निवासी चड़ियारा, जिला चंबा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रेहन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को भी कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। CIA टीम ने नाकाबंदी के दौरान चंबा के दो व्यक्तियों से सवा किलो के करीब चरस बरामद की है। हम इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहाँ से आई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
मुख्य सरगना को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। — कुलभूषण वर्मा, एसपी नूरपुर।