नूरपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नाकाबंदी के दौरान दो आरोपियों को 1 किलो 210 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई सीआईए टीम द्वारा सकरी खड्ड श्मशान घाट (रेहन) के पास की गई। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो कार (नंबर HP 47A 2812) को रोका और तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 1.210 किलोग्राम चरस बरामद की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबिन (33 वर्ष), निवासी ग्राम व डाकघर नैनीखड्ड, तहसील भटियात, जिला चंबा और यूसुफ (24 वर्ष), निवासी गांव चड़ियारा, डाकघर बाट, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है।
इस संबंध में पुलिस थाना रेहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन के मुख्य स्रोत तक पहुंचा जा सके।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।