नगर परिषद नूरपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित किया गया। एसडीएम अरुण शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीति महाजन और उपाध्यक्ष सोनिया सोगा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। समारोह में नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि हाल ही में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों ने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात की थी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने नूरपुर शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है और आश्वस्त किया है कि शहर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की उठाई मांग
अजय महाजन ने बताया कि बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष नीति महाजन ने नूरपुर क्षेत्र में एक पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उनका कहना था कि पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
आधारभूत ढांचे को मिलेगा मजबूती
पूर्व विधायक ने बताया कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ हुई बैठक में भी नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में फैसले का किया स्वागत
अजय महाजन ने नूरपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को बारहवीं कक्षा तक हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत लाने के निर्णय पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube