पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज किया, शराब कारोबारी ने पुलिस पर तोड़फोड़ और जबरन ताला लगाने के लगाए आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग
जिला ऊना के मैहतपुर स्थित शराब ठेके में बुधवार देर रात हुई मारपीट की घटना अब बड़े विवाद में बदल गई है। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस कर्मियों और शराब ठेके के सेल्समैन के बीच हाथापाई और खींचतान दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिस कर्मचारी और कुछ सादे कपड़ों में मौजूद लोग शराब ठेके के कर्मचारी के साथ बहस और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में शराब की बोतलें टूटने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
शराब कारोबारी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात कुछ लोग शराब ठेके पर पहुंचे और सेल्समैन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कारोबारी के अनुसार सेल्समैन ने उन्हें फोन कर बताया कि मारपीट करने वाले लोग पुलिस कर्मचारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसके साथ पहले पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।
टीएन द्विवेदी ने आरोप लगाया कि इस दौरान ठेके में तोड़फोड़ की गई और शराब की कई बोतलें क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के ठेके पर ताला लगा दिया गया।
उनके अनुसार वीरवार को आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ठेके का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद कारोबार दोबारा शुरू किया गया।
वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार कर्मचारियों पर पुलिस कर्मियों से मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप हैं। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी ने कहा कि अभी तक दूसरे पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। यदि शराब कारोबारी या उनका प्रतिनिधि शिकायत देता है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर पुलिस अपनी कार्रवाई को सही बता रही है, वहीं शराब कारोबारी पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
अब मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायतों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube