मंडी
मंडी जिला में निर्माणाधीन 'हमीरपुर से मंडी वाया धर्मपुर-कोटली' राष्ट्रीय राजमार्ग-70 (NH-70) की प्रगति और इससे प्रभावित स्थानीय लोगों की शिकायतों के निवारण को लेकर आज मंडी में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में 17 नवंबर 2025 को हुई पिछली बैठक के दिशानिर्देशों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। बैठक में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, उपायुक्त अपूर्व देवगन और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के परियोजना निदेशक रोमी धनखड़ सहित प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जल भराव, क्षतिग्रस्त रास्ते और सुरक्षा दीवारों का कार्य समय पर पूरा करने की मांग
बैठक के दौरान मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने सड़क निर्माण से उपजी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर जल भराव की गंभीर समस्या आ रही है।
इसके अलावा, प्रभावित लोगों के घरों की सुरक्षा के लिए अभी सुरक्षा दीवारें (रिटेनिंग वॉल) लगाई जानी शेष हैं और कुछ घरों को जाने वाले क्षतिग्रस्त रास्तों का पुनर्निर्माण होना बाकी है। विधायक ने जोर देकर कहा कि मानसून की दस्तक से पहले इन सभी लंबित कार्यों का समाधान हर हाल में किया जाना बेहद जरूरी है ताकि जनता को परेशानी न हो।
पेयजल योजनाएं प्रभावित, एसडीएम को एक सप्ताह के भीतर संयुक्त बैठक के निर्देश
धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने क्षेत्र की समस्याएं रखते हुए कहा कि सड़क निर्माण के चलते स्थानीय पेयजल स्कीमें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और कई हैंडपंप खराब हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के कारण लोगों के घरों की सुरक्षा दीवारें, पशुशालाएं और पार्किंग के संपर्क मार्ग टूट गए हैं. विधायक चंद्रशेखर ने संबंधित उपमंडल अधिकारियों (SDMs) को कड़े निर्देश दिए कि वे प्रभावित लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक सप्ताह के भीतर 'मोर्थ' (MoRTH) के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक
आयोजित करें, जिसमें वे स्वयं भी उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त की प्राथमिकता के आधार पर काम करने की हिदायत, मोर्थ ने दिया आश्वासन
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मॉर्थ के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि विकास कार्यों के चलते आम जनता को आ रही दिक्कतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए और बैठक में उठाए गए मामलों को शीघ्र निपटाया जाए मोर्थ' के परियोजना निदेशक रोमी धनखड़ ने प्रशासन और जनप्रतिधियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य के कारण जितने भी हैंडपंप
क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका शीघ्र ही पुनः निर्माण कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि लोगों के घरों के लिए सुरक्षा दीवार, नालियों और संपर्क रास्तों का निर्माण कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा और जलभराव वाले हॉटस्पॉट का भी स्थायी समाधान होगा।उन्होंने यह भी बताया कि मार्ग में आ रहे बिजली के खंभों
को भी जल्द स्थानांतरित कर दिया जाएगा।