सिरमौर
'शिव ही सत्य है' के उद्घोष के साथ आज नाहन शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय के तमाम शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐतिहासिक रानीताल शिव मंदिर में विशेष रौनक देखने को मिली, जहाँ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और स्थानीय कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने पहुँचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
दोनों नेताओं ने रानीताल मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की। राजनीति से ऊपर उठकर भक्ति के रंग में रंगे दोनों नेताओं ने प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मीडिया से रूबरू होते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा हिमाचल साक्षात शिव की धरती है, यहाँ के कण-कण में महादेव वास करते हैं। आज पूरा प्रदेश श्रद्धाभाव से शिवालयों में नतमस्तक है। मेरी प्रार्थना है कि भगवान शिव सभी को शक्ति और सद्बुद्धि प्रदान करें ताकि हम राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने इस अवसर पर रानीताल शिव मंडल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा रानीताल मंदिर में प्रतिवर्ष शिवरात्रि का पर्व भव्य रूप से मनाया जाता है।
सरकार और प्रशासन इस ऐतिहासिक स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में रानीताल शिव मंदिर और पार्क को और अधिक बेहतर व आकर्षक बनाया जाएगा ताकि यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम सुविधाएँ मिल सकें।
नाहन के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी सुबह 4 बजे से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मंदिरों को फूलों और लाइटों से विशेष रूप से सजाया गया है। जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे शहर का माहौल आध्यात्मिक और उत्सवपूर्ण बना हुआ है।नाहन के रानीताल मंदिर में डॉ.
बिंदल और अजय सोलंकी ने टेका मत्था, शिवरात्रि पर भक्तिमय हुई शिवनगरी। विधायक अजय सोलंकी ने दिया रानीताल के कायाकल्प का भरोसा, महाशिवरात्रि पर उमड़ी भीड़।