मंडी।
छोटी काशी' के नाम से विख्यात मंडी शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर दिया है। मेयर वीरेंद्र भट्ट ने मंगलवार को 85 करोड़ 46 लाख 61 हजार रुपए का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया, जिसमें शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बजट बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि इस वर्ष का मुख्य लक्ष्य मंडी को न केवल सुंदर बनाना है, बल्कि जनता की बुनियादी सुविधाओं में भी आधुनिकता लाना है।
बजट के प्रमुख बिंदु हैं शहर की सड़कों की मरम्मत, नई स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना और विभिन्न वार्डों में नए पार्कों के निर्माण के लिए भारी बजट आवंटित किया गया है। मंडी को स्वच्छ शहर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन की नई तकनीकों और बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए विशेष फंड का प्रावधान किया गया है।
नगर निगम की सेवाओं को जनता के लिए घर बैठे सुलभ बनाने के लिए डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और ऑनलाइन सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मेयर ने बजट पेश करते हुए विश्वास दिलाया कि आवंटित राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि मंडी की आम जनता की उम्मीदों का दस्तावेज है। हमारा प्रयास है कि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास पहुंचे और लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो।
बजट बैठक के दौरान नगर निगम के पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विकास के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। सभी सदस्यों ने बजट प्रस्तावों का स्वागत किया और शहर को स्वच्छ व सुविधा संपन्न बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।