जोगिंद्रनगर
हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर में ड्यूटी के दौरान एक एचआरटीसी कंडक्टर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की है, जब खुड्डी से जोगिंद्रनगर जा रही बस (HP 53-8830) के रास्ते में एक स्कूटी आड़े आ गई।
कंडक्टर लकी कुमार ने जब स्कूटी सवार से वाहन हटाने का अनुरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने जिम से अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया, जिन्होंने योजनाबद्ध तरीके से कंडक्टर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस घटना के बाद निगम के कर्मचारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।
विधायक के ड्राइवर के बेटे पर आरोप, जबरन समझौते का दावा
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर और मीडिया प्रभारी ललित राजपूत ने गंभीर आरोप लगाए। चर्चा है कि मुख्य आरोपी स्थानीय विधायक प्रकाश राणा के ड्राइवर का बेटा है।
पीड़ित कंडक्टर लकी कुमार का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया। कंडक्टर का कहना है कि गंभीर चोटों के कारण उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर उनसे जबरन कागजों पर साइन करवा लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद एसएचओ आरोपियों के पक्षधर नजर आए और उनकी बात नहीं सुनी गई।
एचआरटीसी कर्मियों का प्रदर्शन और तीन बस रूटों का चक्का जाम
सहकर्मी पर हुए इस हमले के विरोध में एचआरटीसी कर्मचारियों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विरोध स्वरूप संबंधित रूट पर चलने वाली तीन बस सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि यदि ड्यूटी पर तैनात सरकारी सेवक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक पक्ष आना बाकी है, जिसके बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।