जोगिंद्रनगर।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जोगिंद्रनगर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS Girls) को CBSE संबद्धता प्रदान करने के निर्णय ने शिक्षा के क्षेत्र में नया उत्साह भर दिया है।
स्कूल में सीबीएसई सिलेबस लागू होने की खबर मिलते ही दाखिला लेने के लिए छात्राओं और अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आलम यह रहा कि दाखिले के पहले ही दिन 1000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
स्कूल में एडमिशन को लेकर न केवल स्थानीय बल्कि 30-30 किलोमीटर दूर के क्षेत्रों से भी अभिभावक अपनी बेटियों को लेकर पहुंचे। स्कूल परिसर में हर तरफ उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, छात्रों के भारी उत्साह को देखते हुए प्लस-वन और प्लस-टू की प्रत्येक स्ट्रीम (Medical, Non-Medical, Commerce, Arts) में 5 से 6 सेक्शन बनने की संभावना है।
सीमित सीटों और आवेदनों की भारी संख्या को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने पारदर्शिता और मेरिट बनाए रखने के लिए एंट्रेंस टेस्ट (प्रवेश परीक्षा) का आयोजन शुरू कर दिया है। टेस्ट के माध्यम से ही योग्य छात्राओं का चयन विभिन्न संकायों के लिए किया जा रहा है।
स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया के दौरान हर वर्ग और सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से जानकारी दी कि विकलांग बच्चों के लिए स्कूल में विशेष कोटे का प्रावधान रखा गया है ताकि उन्हें शिक्षा के समान अवसर मिल सकें। एडमिशन की पूरी कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा रहा है।
प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "यह हमारे स्कूल के लिए गर्व का विषय है कि सरकार के एक फैसले से शिक्षा के स्तर में इतना बड़ा बदलाव आया है। दूर-दराज के इलाकों से बच्चों का यहाँ आना हमारी जिम्मेदारी और स्कूल की साख को दर्शाता है। हम हर सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतरीन शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।