जम्मू। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर बुधवार को जम्मू मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार की अध्यक्षता में डीआरयूसीसी (डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी) के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्य राजिंदर कुमार, मोहम्मद अब्दुल्ला, डॉ. सुकृत सागर सहित अन्य सदस्यों ने भाग लेकर यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को प्रमुखता से रखा।
बैठक में रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव और अतिरिक्त फेरों की मांग, यात्रियों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा जम्मू रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं डीआरयूसीसी सदस्यों ने भी रेलवे प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और यात्री हितों के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।