ऊना। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हरोली में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क का निरीक्षण कर कांग्रेस सरकार पर परियोजना की गति धीमी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से हिमाचल को यह महत्वाकांक्षी परियोजना मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड काल के दौरान दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को लेकर चीन पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने देश में तीन बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद हिमाचल प्रदेश इस परियोजना को हासिल करने में सफल रहा था।
उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। परियोजना के पूरा होने से हिमाचल को फार्मा हब के रूप में नई पहचान मिलेगी और युवाओं के लिए हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अन्य राज्यों में इस तरह की परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है, जबकि हिमाचल में निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं बढ़ पाया। उन्होंने सरकार से परियोजना को मिशन मोड में पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।