शिमला:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भावुक और ऊर्जावान अंदाज में शिरकत की। कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जब से देश को नरेंद्र मोदी के रूप में एक मजबूत, राष्ट्रभक्त और दृढ़ इच्छाशक्ति वाला सशक्त नेतृत्व मिला है,
तब से देश में दशकों से रुके पड़े असंभव कार्य भी धरातल पर संभव हुए हैं। उन्होंने पीएम मोदी के इस 12 वर्ष के कार्यकाल को पूरी तरह अतुलनीय और भारत के पुनरुत्थान का 'स्वर्ण काल' करार दिया।
साहसिक निर्णयों और ऐतिहासिक पलों के गवाह बने हम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के ऐतिहासिक सफर को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब कार्यकर्ता सिर्फ यह सोचते थे कि कब हमारी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
संगठन के निरंतर परिश्रम के बाद पहले देश ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का कार्यकाल देखा और फिर वर्ष 2014 से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ा।
उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी लंबे समय तक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का नारा लगाती थी। यह हमारा सौभाग्य है कि हमने अपनी आंखों के सामने राम मंदिर की लंबी अदालती लड़ाई का सुखद अंत देखा और प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों द्वारा भव्य प्राण-प्रतिष्ठा तक के ऐतिहासिक पलों के गवाह बने।"
इसके साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 के खात्मे, तीन तलाक जैसी कुप्रथा के अंत और गरीब कल्याण की अनगिनत योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हीं फैसलों के दम पर भारत की आर्थिकी आज दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
जेपी नड्डा और संगठन के कुशल प्रबंधन की जमकर की सराहना
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के योगदान की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अब केंद्रीय मंत्री के रूप में हिमाचल प्रदेश के हितों की हमेशा पुरजोर पैरवी की है,
जिसके चलते राज्य को केंद्र सरकार से हमेशा रिकॉर्ड मदद मिली है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की टीम और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के कुशल प्रबंधन को सराहा।
वैश्विक मंच पर बढ़ी देश की साख: जगत प्रकाश नड्डा
इससे पहले, मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता, डिजिटल सशक्तिकरण और तीव्र आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए विकसित
भारत के विराट लक्ष्य की ओर दृढ़ता से अग्रसर है। उन्होंने रेखांकित किया कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण वैश्विक मंच पर आज देश की प्रतिष्ठा और साख लगातार बढ़ी है तथा देश के करोड़ों शोषित-वंचित लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।