हमीरपुर में पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक, 25 सितंबर को नालागढ़ में होगी राज्य कार्यकारिणी की बैठक; आंदोलन की रणनीति पर होगा फैसला
हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक शनिवार को हमीरपुर बस स्टैंड परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला हमीरपुर अध्यक्ष कृष्णा लाल सोनी ने की, जबकि संगठन की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य विक्रम राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पेंशनरों ने सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के प्रति नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि सेवानिवृत्ति के बाद से ही वे अपनी मांगों को सरकार और प्रबंधन के समक्ष उठाते आ रहे हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण मामलों का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है।
राज्य कार्यकारिणी सदस्य विक्रम राणा ने कहा कि पेंशनरों का महंगाई भत्ता (डीए) और एरियर लंबित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का एरियर भी अभी तक नहीं मिला है।
इसके अलावा ड्राइवर और कंडक्टरों के इंक्रीमेंट से जुड़ा मामला भी प्रबंधन के समक्ष लंबित है। उनके अनुसार कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इंक्रीमेंट का लाभ मिला है, जबकि कई कर्मचारी अभी भी इससे वंचित हैं।
विक्रम राणा ने यह भी कहा कि पेंशनरों को मिलने वाली 50 हजार रुपये की किस्त भी अभी तक जारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के पदाधिकारी कई बार शिमला में एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों को आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि संगठन पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। अब 25 सितंबर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी और आगामी आंदोलन या संगठन की अन्य रणनीति को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube