समरहिल चौकी के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुई घटना, दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट शुरू करने के आरोप
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में शनिवार सुबह एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना करीब 8:30 बजे समरहिल चौकी के पास हुई।
मारपीट में दो छात्रों के घायल होने की सूचना है। इनमें एक छात्र के सिर में चोट बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और पुलिस बल तैनात किया गया। कुछ समय तक मौके पर माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
एसएफआई का आरोप है कि उसके कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास कुलपति के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। एसएफआई ने दावा किया कि अचानक हुए हमले में उसके कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। संगठन ने मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
वहीं, एबीवीपी ने एसएफआई के आरोपों को खारिज करते हुए मारपीट की शुरुआत एसएफआई कार्यकर्ताओं की ओर से किए जाने का आरोप लगाया है। एबीवीपी का कहना है कि उसके कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई।
संगठन की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही गई है। घटना के बाद दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई। घायल छात्रों को उपचार के लिए ले जाया गया है। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों के आरोपों और घटना की परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube