सैंज (सिरमौर):
नियति का एक क्रूर रूप सिरमौर जिले के सैंज गांव में देखने को मिला, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान नाचते समय 44 वर्षीय महिला की अचानक मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान वीना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि समारोह में हंसी-खुशी के माहौल के बीच वीना देवी अन्य लोगों के साथ झूम रही थीं कि अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेसुध होकर गिर पड़ीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
चिकित्सकों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुँचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती चिकित्सकीय जांच में महिला की मृत्यु का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) बताया जा रहा है। इस अचानक हुई मौत ने शादी वाले घर के जश्न को गहरे सन्नाटे और चीख-पुकार में बदल दिया है।
मासूम बच्चों के सिर से उठा ममता का साया इस घटना ने तीन मासूम बच्चों (दो बेटियों और एक बेटे) के भविष्य पर अंधकार छा दिया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला के पति की मृत्यु कुछ वर्ष पूर्व ही हो चुकी थी, जिसके बाद वीना देवी ही मेहनत-मजदूरी कर बच्चों के लिए माता और पिता दोनों की भूमिका निभा रही थीं।
अब मां के भी चले जाने से ये तीनों बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। इस मार्मिक स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से इन बेसहारा बच्चों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और उनकी शिक्षा का प्रबंध करने की पुरजोर गुहार लगाई है।