सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवामानल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जानकारी के अनुसार, दो सगे भाई खड्ड किनारे खेल रहे थे।
इसी दौरान आठ वर्षीय आयन का तंग रास्ते पर चलते समय अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। छोटे भाई को बचाने के प्रयास में नौ वर्षीय बड़ा भाई अभिनव भी खड्ड में उतर गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में दोनों मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जब तक बच्चों के पिता वहां पहुंचे, तब तक दोनों बच्चे खड्ड किनारे पानी में तैरते मिले। इसके बाद दोनों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस थाना नौहराधार ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं तहसीलदार नौहराधार ने प्रशासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को फौरी राहत राशि प्रदान की है।