गोहर (मंडी)।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में स्थित औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय (हॉर्टिकल्चर कॉलेज) थुनाग के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का बेहद दुखद मामला सामने आया है।
शनिवार सुबह बागबानी (हॉर्टीकल्चर) अंतिम वर्ष के इस छात्र का शव उसके किराये के कमरे से बरामद हुआ। मृतक छात्र की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर, पुत्र कुलदीप ठाकुर, निवासी सुंगल (तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है। वह गोहर (गुड़ाहरी) स्थित कॉलेज में अपनी पढ़ाई कर रहा था और इस साल फरवरी महीने से गणई में एक निजी मकान में किराये पर अकेला रह रहा था।
इस दर्दनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह देवन की माता ने पालमपुर से उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई। बार-बार प्रयास करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो चिंतित माता ने मकान मालिक को फोन कर कमरे में जाकर देवन का कुशलक्षेम जानने का आग्रह किया।
जब मकान मालिक ने देवन के कमरे के बाहर जाकर दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे संदेह होने पर जब जोर से धक्का देकर खोला गया, तो अंदर देवन ठाकुर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।
मकान मालिक ने तुरंत इसकी सूचना गोहर पुलिस को दी और कॉलेज प्रबंधन व छात्र के परिजनों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और कॉलेज के डीन पीएल शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौके पर पहुँच गए।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और परिजनों के घटना स्थल पर पहुँचने का इंतजार किया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी, फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।