ऊना।
हिमाचल प्रदेश के युवा पहलवानों ने राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक बार फिर देवभूमि का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ के मोरबूज में आयोजित 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' (खेलो इंडिया अभियान) की कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'ऑल ओवर विजेता' का खिताब अपने नाम कर लिया है।
विजेता खिलाड़ियों का जत्था आज ऊना स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल पहुँचा, जहाँ खेल विभाग और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
प्रतियोगिता में हिमाचल के पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवाया। टीम ने कुल 14 पदक जीतकर ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। टीम में शामिल दो महिला खिलाड़ियों ने भी स्वर्ण (Gold) और अन्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लड़कों और लड़कियों, दोनों वर्गों के शानदार समन्वय से हिमाचल को यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई।
स्पोर्ट्स हॉस्टल ऊना पहुँचने पर खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों का मुँह मीठा करवाया गया और उन्हें बधाई दी गई। विजेता पहलवानों ने अपनी चमचमाती ट्रॉफियां मीडिया को दिखाईं और अपनी जीत के अनुभव साझा किए।
फर्स्ट खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स कुश्ती में हिमाचल प्रदेश ने ऑल ओवर विजेता का खिताब जीतकर इतिहास रचा है। हमारे खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ में कड़ी चुनौती के बीच 14 पदक हासिल किए हैं। इसमें लड़कियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है।
मीडिया से रूबरू होते हुए विजेता खिलाड़ी साहिल, मोहित और सुमित ने बताया कि इस मुकाम तक पहुँचने के पीछे उनके कोच की बेहतरीन ट्रेनिंग और महीनों की कड़ी मेहनत है। खिलाड़ियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हुई इस प्रतियोगिता ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान किया है।