चम्बा।
चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर बालू पुल के पास एक पाइपों से लदा हुआ अनियंत्रित ट्रक सड़क से नीचे लुढ़क कर रावी नदी के किनारे गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, ट्रक के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से बाल-बाल टल गया।
जानकारी के अनुसार, पाइपों से लदा यह ट्राला चंडीगढ़ से डियूर की ओर जा रहा था। चम्बा मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर बालू पुल के पास चालक ने वाहन को सड़क किनारे पार्क किया और स्वयं खाना खाने के लिए पास के ढाबे पर चला गया।
चालक के जाने के मात्र 10 मिनट के भीतर ही उसे फोन पर सूचना मिली कि उसका ट्रक ढलान से खिसक कर सीधे रावी नदी की ओर खाई में जा गिरा है। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद ट्रक मालिक ने मीडिया से रूबरू होते हुए घटना पर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा गाड़ी को पूरी सावधानी के साथ खड़ा किया गया था और हैंडब्रेक भी लगाई गई थी।
बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप या छेड़छाड़ के खड़ी गाड़ी अचानक इस तरह ढलान से नीचे नहीं गिर सकती। मुझे संदेह है कि यह किसी की शरारत हो सकती है। ट्रक को इस हादसे में काफी अधिक नुकसान पहुँचा है और उस पर लदी पाइपें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। एसपी चम्बा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह कोई तकनीकी खराबी (जैसे ब्रेक फेल होना) थी या वास्तव में किसी ने खड़े वाहन के साथ छेड़छाड़ की थी। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।