शिवालिक बैडमिंटन एकेडमी में 11 जिलों के 190 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, विजेता करेंगे नॉर्थ जोन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व
हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में नादौन स्थित शिवालिक बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिला हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बलबीर ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसपी बलबीर ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
11 जिलों के 190 खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
इससे पहले आयोजन समिति के वाइस चेयरमैन विजय काचरू, इवेंट सेक्रेटरी राजिंदर शर्मा, विभोरे शर्मा, ज्ञान ठाकुर, प्रदीप ठाकुर और सुशील ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इवेंट सेक्रेटरी राजिंदर शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों के 190 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत 7 और 8 अगस्त को पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
विजेता करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के फाइनल में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी नॉर्थ जोन अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता, भीलवाड़ा (राजस्थान) तथा राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता, गंगटोक (सिक्किम) में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता से प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube