हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने दोस्ती और पहचान का फायदा उठाकर पति-पत्नी को धोखे से नशीला पदार्थ पिलाया और महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर पीड़िता के रिश्तेदारों व परिचितों को भेज दिए।
होटल बुलाकर खाने और शराब में मिलाया नशा
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बिलासपुर की रहने वाली है और फिलहाल अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनका परिचित है। बीते 29 मई को आरोपी ने उन्हें कांगू रोड (भवाणा) स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया।
होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने चालाकी से उनके खाने और पेय पदार्थ (शराब) में कोई जहरीला/नशीला पदार्थ मिला दिया। नशायुक्त खाना खाते ही पति-पत्नी दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए।
दुष्कर्म के बाद तस्वीरें और वीडियो किए वायरल
दोनों के अचेत होते ही आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। वारदात के बाद आरोपी ने ये अश्लील फोटो और वीडियो पीड़िता के परिचितों और एक अन्य महिला को भेज दिए। वीडियो प्रसारित होने के कारण पीड़िता और उसके परिवार को भारी मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा है।
सुंदरनगर में 'जीरो FIR' दर्ज, बिलासपुर पुलिस को सौंपी जांच
मामला संज्ञान में आते ही सुंदरनगर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए जीरो FIR दर्ज कर ली है। चूंकि घटना स्थल बिलासपुर सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए मामला आगामी कार्रवाई के लिए सदर थाना बिलासपुर को ट्रांसफर कर दिया गया है।
डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी को जल्द ही पुलिस गिरफ्त में ले लिया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube