मंडी I
मंडी जिले के सराज क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कलहनी के गांव घाट निवासी योगराज का 5 वर्षीय मासूम बेटा दिव्यांशु इस समय जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। नियति की क्रूरता देखिए कि जिस उम्र में बच्चों के हाथों में खिलौने होते हैं, दिव्यांशु पिछले तीन वर्षों से अस्पतालों के चक्कर काट रहा है।
दिव्यांशु की बीमारी का सिलसिला तब शुरू हुआ जब वह महज दो साल का था। धीरे-धीरे उसकी स्थिति बिगड़ती गई। पिता योगराज ने बताया कि जोनल अस्पताल मंडी, मेडिकल कॉलेज नेरचौक और एम्स बिलासपुर में इलाज करवाने के बाद अंततः उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया।
वहां डॉक्टरों ने जो खुलासा किया, उसने परिवार के पैरों तले जमीन खिसका दी। दिव्यांशु की दोनों किडनियां 95% तक खराब हो चुकी थीं।
हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों को दिव्यांशु की एक किडनी निकालनी पड़ी। अब उसकी दूसरी किडनी भी लगभग पूरी तरह काम करना बंद कर चुकी है। इसके साथ ही इंफेक्शन के कारण अब उसके ब्रेन (मस्तिष्क) में भी समस्या उत्पन्न हो गई है। डॉक्टरों के अनुसार, किडनी ट्रांसप्लांट ही उसे नया जीवन दे सकता है, जिसके लिए करीब 8 से 10 लाख रुपये के बड़े खर्च का अनुमान है।
दिव्यांशु के पिता योगराज पेशे से बेलदार हैं। उनके कंधों पर दो स्कूल जाने वाली बेटियों और बीमार बेटे की जिम्मेदारी है। अब तक का इलाज कर्ज लेकर और जमा-पूँजी लगाकर किया गया है, लेकिन अब परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
मां कृष्णा देवी दिन-रात अस्पताल के बिस्तर पर अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने की प्रार्थना कर रही हैं, जबकि पिता मदद के लिए हर संभव दरवाजा खटखटा रहे हैं।
मासूम दिव्यांशु की मुस्कान को लौटने के लिए इस गरीब परिवार को समाज के सहयोग की अत्यंत आवश्यकता है। यदि आप इस पुण्य कार्य में अपना योगदान देना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए विवरण पर आर्थिक सहायता भेज सकते हैं:
खाता धारक का नाम: योगराज
बैंक: इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB)
खाता संख्या (Account No.): 042201000012199
IFSC कोड: IOBA0000422
गूगल पे (Google Pay) नंबर: 8219995377
एक नन्हा जीवन आपकी राह देख रहा है। आइए, मिलकर दिव्यांशु को नया जीवन देने का प्रयास करें।