वार्ड नंबर-10 में सामने आया मामला, छात्राओं ने पड़ोसी की हरकतों का बनाया वीडियो; मकान मालिक ने 1100 नंबर पर दी सूचना
हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर-10 में पीजी में रह रही छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों का मामला सामने आया है। छात्राओं का आरोप है कि सामने वाले घर में रहने वाला एक अधेड़ व्यक्ति अक्सर उन्हें देखकर अश्लील हरकतें करता था।
कुछ समय तक छात्राओं ने उसकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब सिलसिला नहीं रुका तो उन्होंने उसकी हरकतों का वीडियो बना लिया और मामले की शिकायत पुलिस से की।
बताया जा रहा है कि छात्राएं हमीरपुर के एक संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के लिए घर से दूर पीजी में रह रही हैं। छात्राओं के अनुसार, संबंधित व्यक्ति आए दिन उन्हें देखकर अश्लील हरकतें करता था। हाल ही में जब उसने दोबारा ऐसी हरकत की तो छात्राओं ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो बनाकर मकान मालिक को दी जानकारी
छात्राओं ने मामले की जानकारी पीजी के मकान मालिक सुरजीत गौतम को दी। इसके बाद मकान मालिक की ओर से 1100 नंबर पर शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सुरजीत गौतम ने बताया कि संबंधित व्यक्ति उनका पड़ोसी है और छात्राओं ने उसकी कथित हरकत का वीडियो भी बनाया है। उन्होंने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। यदि पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले को उठाएंगे।
हमीरपुर में बड़ी संख्या में PG में रहते हैं विद्यार्थी
हमीरपुर में पढ़ाई और रोजगार के सिलसिले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पीजी में रहते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा केवल पीजी के भीतर की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास का माहौल भी उनके लिए सुरक्षित होना जरूरी है।
मामले के सामने आने के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और शिकायत मिलने पर पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube