जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- मुख्यमंत्री कर रहे विकास कार्य, विपक्ष को धन्यवाद देना भी सीखना चाहिए
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुमन भारती ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा झूठ की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं, लेकिन भाजपा नेता इन योजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेताओं को विकास कार्यों के लिए धन्यवाद देना चाहिए: भारती
सुमन भारती ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं तो भाजपा नेताओं को उनकी सराहना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक राजनीति अपनानी चाहिए और प्रदेश हित में किए जा रहे कार्यों को स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो नौ लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, अब वे भी भाजपा की राजनीतिक शैली के अनुसार बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करने वाले नेताओं को दी नसीहत
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमीरपुर विधायक और सुजानपुर के पूर्व विधायक लगातार मुख्यमंत्री के खिलाफ बयान देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अब हमीरपुर सदर विधायक कुछ योजनाओं की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री का धन्यवाद करने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास को लेकर भाजपा नेताओं को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।
योजनाओं का श्रेय लेने पर भाजपा को घेरा
सुमन भारती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को अपना बताकर श्रेय लेने की भाजपा नेताओं में होड़ लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है कि विकास कार्यों को गति कौन दे रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता सही समय पर इसका जवाब देगी।
मेडिकल कॉलेज को लेकर भी किया तंज
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि हमीरपुर सदर विधायक को विकास कार्यों का उतना ही श्रेय मिलेगा, जितना सांसद अनुराग ठाकुर को मेडिकल कॉलेज के लिए मिलने वाला है।
उन्होंने कहा कि विकास किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सरकार और जनता के सहयोग से होने वाला सामूहिक प्रयास है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube