मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

'स्मार्ट' कैमरे बने सिरदर्द, कागजात पूरे होने पर भी कट रहे ऑनलाइन चालान

सार

किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा बघेरी स्थित आरटीओ बैरियर पर लगे ऑनलाइन चालान कैमरे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं।

2 मिनट
 'स्मार्ट' कैमरे बने सिरदर्द, कागजात पूरे होने पर भी कट रहे ऑनलाइन चालान

बिलासपुर: किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा बघेरी स्थित आरटीओ बैरियर पर लगे ऑनलाइन चालान कैमरे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। तकनीकी खामियों या डेटा अपडेट न होने के कारण उन वाहनों के भी चालान कट रहे हैं, जिनके कागजात पूरी तरह वैध हैं। ताज़ा मामला एक डॉक्टर के साथ पेश आया है, जिसने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्वाहण निवासी डॉ. गुरनेतर सिंह ठाकुर ने बताया कि वह 12 जनवरी 2026 को अपनी गाड़ी (HP-91-1415) में अपने घर से ड्यूटी के लिए तरसूह जा रहे थे। जैसे ही वह गरा बघेरी बैरियर से गुजरे, उनके मोबाइल पर ऑनलाइन चालान का मैसेज आ गया।

डॉ. गुरनेतर सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी के सभी कागजात—आरसी, लाइसेंस, प्रदूषण और इंश्योरेंस—पूरी तरह वैध हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उनकी गाड़ी की इंश्योरेंस 5 जनवरी 2026 को ही रिन्यू हो चुकी थी, इसके बावजूद 12 जनवरी को इंश्योरेंस न होने का चालान काट दिया गया।

जब इस गलत चालान के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इसे तकनीकी त्रुटि मानते हुए डॉक्टर से गाड़ी के दस्तावेज और चालान की कॉपी व्हाट्सएप पर भेजने को कहा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वेरिफिकेशन के बाद इस चालान को रद्द कर दिया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि कागजात अपडेट होने के बावजूद सिस्टम की गलती का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।बार-बार गलत चालान कटने से लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।स्थानीय निवासी और दुकानदार इस ऑटोमैटिक चालान प्रणाली से मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।

स्थानीय निवासियों ने सरकार और प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि या तो इन ऑनलाइन कैमरों को कहीं और शिफ्ट किया जाए या फिर सिस्टम को इतना दुरुस्त किया जाए कि कागजात की सही जांच के बाद ही चालान जनरेट हो। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।

इस खबर के विषय

  • smart cameras
  • online fines
  • RTO barrier
  • Kiratpur Nerchowk
  • traffic issues
  • local drivers
  • transportation troubles

इस खबर को शेयर करें