उपमंडल अंब के तहत दिलवां में शुक्रवार सुबह दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिलवां में सुबह दो कारों की आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार पूरी तरह घूम गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube