मुख्यमंत्री पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में धर्मशाला में कांग्रेस का प्रदर्शन, देवेंद्र जग्गी बोले- भाषा की मर्यादा लांघना स्वीकार नहीं।
धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस द्वारा एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इस बीच मुख्यमंत्री पर विधायक की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सुधीर शर्मा का पुतला फूंकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विधायक के बयान की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया।
FIR के बाद गरमाई सियासत
हाल ही में विजिलेंस ने सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए शिमला में विरोध रैली निकाली थी। इस रैली में भाजपा के विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए थे।
इसी रैली के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ सुधीर शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
देवेंद्र जग्गी ने साधा निशाना
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि सुधीर शर्मा ने जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया, वह पूरी तरह अनुचित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विधायक बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं।
जग्गी ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में तथ्य सामने आते हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है और यदि अन्य लोगों पर भी ऐसे आरोप हैं तो उनकी भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी और धर्मशाला की जनता इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube