हमीरपुर।
हमीरपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमीरपुर के सदर विधायक पर तीखे जुबानी हमले किए। डॉ. वर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक विधानसभा के पटल का उपयोग जनता की समस्याओं को उठाने के बजाय केवल अपने परिवार का गुणगान करने (परिवार चालीसा) के लिए कर रहे हैं।
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अवैध खनन के मुद्दे को उठाते हुए विधायक से सीधे सवाल पूछे। उन्होंने कहा खनन मामले में विधायक के परिवारजनों की जमानत सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने पर विधायक को जनता के सामने जवाब देना चाहिए। डॉ. वर्मा ने कहा कि जब भी खनन जैसा गंभीर मुद्दा उठता है, विधायक अगले ही दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।
कांग्रेस नेता ने विधायक की कार्यशैली पर तंज कसते हुए कहा कि वह हिमाचल की शांत राजनीति में 'बिहार वाला कल्चर' लाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
विधायक का मुखौटा अब जनता के सामने उतर चुका है। वह कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि असलियत यह है कि उन्होंने खुद अपनी नाक कटवा ली है। 'वोट फॉर कैश' और 'ऑपरेशन लोटस' जैसे प्रयास पूरी तरह विफल रहे हैं। — डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, कांग्रेस नेता
डॉ. वर्मा ने कहा कि हमीरपुर की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह समझती है कि कौन उनके हकों की लड़ाई लड़ रहा है और कौन केवल गुमराह करने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने विधायक को नसीहत दी कि वे व्यक्तिगत परिवारवाद और जोड़-तोड़ की राजनीति छोड़ जनहित के कार्यों पर ध्यान दें।