कोलकाता/शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुंकार भरते हुए केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे सीएम सुक्खू ने कहा कि पश्चिम बंगाल वर्तमान में विकास के बजाय भ्रष्टाचार के 'सिंडिकेट' से जूझ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में केवल कांग्रेस की विचारधारा ही सर्वधर्म समभाव और महिलाओं के सम्मान की असली गारंटी है।
महिला आरक्षण पर केंद्र की 'साजिश' नाकाम
मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा का विशेष सत्र बुलाकर बिल पास कराने के पीछे भाजपा की राजनीतिक साजिश थी, जिसे विपक्ष ने नाकाम कर दिया है।
सुक्खू ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण देकर महिलाओं को असल शक्ति दी थी। केंद्र को चाहिए था कि वह 2023 के मूल विधेयक को ही लागू करती, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए नई साजिशें रची गईं।" उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की टीएमसी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया है और जनता के साथ विश्वासघात हुआ है।
20 साल बाद सभी सीटों पर कांग्रेस, हिमाचल मॉडल का दिया हवाला
सीएम सुक्खू ने जानकारी दी कि करीब दो दशकों के बाद कांग्रेस पार्टी पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में चल रहे अधिकांश बड़े प्रोजेक्ट कांग्रेस के शासनकाल की देन हैं, जबकि केंद्र की वर्तमान सरकार ने मनरेगा जैसी योजनाओं की आत्मा को खत्म कर रोजगार छीना है।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने जनता को दी गई गारंटियों को पूरा किया है और भाजपा द्वारा छोड़े गए आर्थिक बोझ के बावजूद प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
भाजपा और 'डबल इंजन' पर प्रहार
हिमाचल की पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'डबल इंजन' के नाम पर जनता को सिर्फ धोखा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने अंतिम 6 महीनों में 5 हजार करोड़ की रेवड़ियां बांटकर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाया।
अब केंद्र सरकार हिमाचल के विकास प्रोजेक्ट्स और आरडीजी (RDG) को रोककर बाधाएं उत्पन्न कर रही है। उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि वे इंसानियत की विचारधारा और विकास के लिए कांग्रेस का साथ दें।