चम्बा
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के अंतर्गत बकलोह सैन्य क्षेत्र में प्रशिक्षण के दौरान एक सेना के जवान की अचानक मृत्यु होने का दुखद समाचार मिला है। मृतक जवान की पहचान 26 वर्षीय मोहित शर्मा, पुत्र संजय शर्मा, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
मोहित भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 29 पैरा इकाई में तैनात थे और इन दिनों बकलोह स्थित स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल (SFTS) कैंट में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे थे। शनिवार सुबह जब वह नियमित अभ्यास में जुटे थे, तभी अचानक वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जिससे सैन्य परिसर में हड़कंप मच गया।
हादसे के तुरंत बाद साथी जवानों और सैन्य अधिकारियों ने मोहित को उपचार के लिए बकलोह के सैन्य अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना चुवाड़ी की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेज दिया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
इस घटना ने सैन्य क्षेत्र के साथ-साथ जवान के पैतृक गांव में भी शोक की लहर दौड़ा दी है। बताया जा रहा है कि मोहित की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी और उनके असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं, सेना की संबंधित इकाई ने भी इस मामले में आंतरिक जांच (Inquiry) शुरू कर दी है ताकि प्रशिक्षण के दौरान हुए इस हादसे की असल वजह का पता लगाया जा सके।