मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला के निकट पोआबो गांव में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का लोकार्पण किया।
करीब 8 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस इको-टूरिज्म परियोजना में 2.5 किलोमीटर लंबा नेचर ट्रेल बनाया गया है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के प्रति जागरूकता और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत स्वीकृत 16 सड़कों के निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्का, जौ, हल्दी और अदरक के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। साथ ही दूध खरीद दरों में हुई बढ़ोतरी को भी सरकार की किसान हितैषी नीति का हिस्सा बताया।
पंचायती राज चुनावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 251 जिला परिषद सीटों में से केवल 98 सीटें जीतने के बावजूद भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए भ्रामक जानकारी फैला रही है।
उन्होंने दावा किया कि हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने 53 में से 29 शहरी स्थानीय निकायों में जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार 21 निकायों तक ही सीमित रहे।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एफआरए के तहत 120 सड़कें स्वीकृत की गई हैं और 124 सड़कों का उन्नयन व पक्कीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि कमियाना ट्रेल के विकसित होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।