चंबा I
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र को जोड़ने वाले चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चनू की हट्टी के समीप नेशनल हाईवे का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस घटना के कारण सुबह के समय दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, चनू की हट्टी के पास एनएच (NH) प्राधिकरण द्वारा सड़क को मजबूती देने के लिए डंगे (Retaining Wall) का निर्माण कार्य किया जा रहा था। निचले हिस्से में खुदाई के दौरान अचानक ऊपर की मुख्य सड़क का आधार खिसक गया और सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे की ओर धंस गया।
गनीमत यह रही कि जिस समय जमीन धंसी, उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि कोई बस या कार उस समय वहां होती, तो वह सीधे नीचे रावी नदी में जा गिरती। सुबह 8 बजे से ही सड़क अवरुद्ध होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच मंडल चंबा की टीम ने मशीनरी के साथ मौके पर मोर्चा संभाला। मलबे को हटाकर और सड़क के किनारे से वैकल्पिक रास्ता तैयार करने के बाद सुबह 11 बजे छोटे वाहनों के लिए आवाजाही शुरू करवाई गई। करीब तीन घंटे तक यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह बंद रहा।
हालांकि मार्ग को बहाल कर दिया गया है, लेकिन खतरा अभी भी टला नहीं है। स्थानीय लोगों और चालकों ने चेतावनी दी है कि खोदाई वाली जगह पर जमीन अभी भी कच्ची है और धीरे-धीरे धंस रही है।
सड़क का मुख्य हिस्सा सीधे रावी नदी के ऊपर है, जिससे भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क के नदी में समाने का डर बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
पुलिस और एनएच विभाग ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि इस पॉइंट से गुजरते समय गति धीमी रखें और सावधानी बरतें। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।