धर्मपुर और टीहरा मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संगठन महामंत्री ने की चर्चा, आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिए दिशा-निर्देश
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने मंगलवार को धर्मपुर मंडल कार्यालय में धर्मपुर और टीहरा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है।
बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर
संगठन महामंत्री ने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने दोनों मंडलों के पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले पार्टी कार्यक्रमों, संगठनात्मक अभियानों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर संगठन के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
रजत ठाकुर ने भी रखे विचार
बैठक में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रियता के बल पर पार्टी को मंडल स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने संगठन महामंत्री सिद्धार्थन द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने की बात कही।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर धर्मपुर मंडल अध्यक्ष लेखराज ठाकुर, टीहरा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार सहित दोनों मंडलों के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube