औहर पंचायत में सिलसिलेवार चोरी मामलों का मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार, पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन
बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में औहर पंचायत में हुई सिलसिलेवार चोरियों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ा झटका लगा है। चोरी गिरोह का कथित सरगना सलीम, जो पंजाब के घनौली का रहने वाला है, वारदात स्थल की शिनाख्त के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
आरोपी ने पुलिस जवानों को चकमा देते हुए पास की डांक में छलांग लगा दी और मौके से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस ने देर रात तक आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, पंचायती राज चुनावों के दौरान औहर पंचायत में दो घरों में चोरी की वारदात हुई थी, जबकि आठ से दस घरों में चोरी के प्रयास किए गए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 6 जुलाई को आरोपी सलीम को गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ झंडूता थाना में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस उसे हीरापुर और भंजवाणी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं वाले स्थानों की शिनाख्त करवाने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान भंजवाणी में पास ही किसी विवाद की सूचना मिलने पर दो पुलिसकर्मी वहां चले गए, जबकि दो जवान आरोपी की निगरानी कर रहे थे। मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और हिरासत में आरोपियों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube