भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में व्यास रंगमंच बिलासपुर ने दी प्रस्तुति, युवा निर्देशिका शिवांगी रघु ने किया निर्देशन
बिलासपुर जिला मुख्यालय स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में ‘पाखिर ओंतिम नृत्यो’ नाटक का शानदार मंचन किया गया। भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित इस नाटक की प्रस्तुति व्यास रंगमंच बिलासपुर द्वारा दी गई। नाटक का निर्देशन युवा निर्देशिका शिवांगी रघु ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल सहित मौजूद अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। नाटक के दौरान कलाकारों के अभिनय और मंचन को दर्शकों की खूब वाहवाही मिली।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने कहा कि रंगमंच से जुड़े कलाकारों को मंच प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा समय-समय पर नाटकों का मंचन करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अन्य कला एवं सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकारों के लिए भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही, प्रदेश की कला, संस्कृति और रंगमंच की परंपरा को बढ़ावा देने में भी ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube