हमीरपुर
हमीरपुर जिला के उप मंडल बड़सर के अंतर्गत गांव खेड़ी और धबडीयाणा के बीच सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया। एक सैंट्रो कार (HP 22D 3596) अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी की मृत्यु हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
रिश्तेदारी में समारोह में जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, कार में सवार चार लोग अपने एक नजदीकी रिश्तेदार के घर आयोजित समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार को पृथ्वी चंद (64), निवासी गांव लपोदू (भोरंज) चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी सरोज कुमारी (59), जीजा रमेश चंद (74) और बहन संतोष कुमारी (69) सवार थीं।
धबडीयाणा और खेड़ी के बीच पानी की टंकी के पास अचानक कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में समा गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रमेश चंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संतोष कुमारी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों की हालत नाजुक, हमीरपुर रेफर
हादसे में घायल कार चालक पृथ्वी चंद और उनकी पत्नी सरोज कुमारी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बीएमओ बड़सर डॉ. अरविंद टंडन ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर दो लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने निभाया मानवता का धर्म
हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। डीएसपी लालमन शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने बताया कि प्रशासन की ओर से त्वरित राहत के तौर पर दोनों मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है, जबकि घायलों को 5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।