‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत लोगों और विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता व जवाबदेही का दिया संदेश
हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे विजिलेंस अवेयरनेस वीक के तहत पुलिस जिला बद्दी में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस वर्ष अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि (Probity for Prosperity)’ रखी गई है। इसके तहत पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा पंचायतों और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने ग्राम पंचायत भटोलीकलां, पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने थाना परिसर और पुलिस थाना मानपुरा की टीम ने ग्राम पंचायत ढेला में जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए।
वहीं, पुलिस थाना बद्दी की QRT टीम ने ग्राम पंचायत थाना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाना में कार्यक्रम आयोजित कर आमजन और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार मुक्त समाज के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रमों के दौरान लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही भ्रष्टाचार की रोकथाम और दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया। अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्शाते हुए उपस्थित लोगों ने भ्रष्टाचार विरोधी संदेशों और पोस्टरों पर हस्ताक्षर भी किए।
बद्दी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। पुलिस जिला बद्दी द्वारा इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube