रामपुर।
पुलिस थाना रामपुर की टीम ने चेक बाउंस मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। माननीय न्यायालय एल.डी. जेएमएफसी करसोग, जिला मंडी द्वारा शिकायतकर्ता जिया लाल बनाम नीता मामले में जारी गैर-जमानती वारंट की तामील करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
2 लाख रुपये के चेक अनादरण का मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी श्रीमती नीता देवी पत्नी सीता राम निवासी गांव डँसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला के खिलाफ 2 लाख रुपये के चेक अनादरण (चेक बाउंस) से संबंधित मामला धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) के तहत दर्ज है।
घर से की गई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने 17 जून 2026 को आरोपी महिला को उसके गांव डँसा स्थित निवास स्थान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार उसे माननीय न्यायालय करसोग, जिला मंडी के समक्ष पेश किया गया।
वारंटों की तामील के लिए चल रहा विशेष अभियान
जिला पुलिस शिमला ने बताया कि न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों और अन्य आदेशों की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी है।