धर्मशाला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 70 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकसित फव्वारा चौक तथा पुराने एचआरटीसी कार्यशाला परिसर में 11.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो मंजिला ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने धर्मशाला में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन नए इंट्रा-सिटी ई-बस मार्गों को भी स्वीकृति प्रदान की।
फव्वारा चौक को मिला नया स्वरूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि फव्वारा चौक के पुनर्विकास का उद्देश्य कोतवाली बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखना और इसे एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फव्वारे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का पुनर्स्थापन किया गया है। साथ ही रामलीला मंच और फव्वारा क्षेत्र को एकीकृत सार्वजनिक प्लाजा के रूप में विकसित किया गया है, जिससे भूमि का बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा चौक
मुख्यमंत्री ने कहा कि नव विकसित फव्वारा चौक में पारंपरिक स्थानीय शैली की भित्ति चित्रकारी, वैरिएबल मैसेजिंग सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा तथा आकर्षक केंद्रीय फव्वारा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे के विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
ई-बस चार्जिंग डिपो से मिलेगी नई गति
ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा स्वच्छ, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों और कस्बों में भी इसी प्रकार की चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि नई सुविधा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और अनुरक्षण को अधिक प्रभावी बनाएगी तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करेगी।
इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अनेक जनप्रतिनिधि,
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।