मंडी
मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाले धनोटू-बग्गी मार्ग पर स्थित मसोह पुल के पास एक बेहद भावुक और दुखद मामला सामने आया है। यहाँ ग्राम पंचायत खतरवाड़ी के रहने वाले 30 वर्षीय युवक आशीष कुमार ने अपनी बहन से फोन पर बातचीत करने के तुरंत बाद अचानक बीबीएमबी (BBMB) नहर में छलांग लगा दी।
घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
घर से अचानक गायब हुआ था आशीष, बहन को किया था आखिरी कॉल
जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार (30 वर्ष) सोमवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद घर से अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इसी बीच, लापता आशीष ने अपनी बहन को फोन किया। फोन पर दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसका पूरा खुलासा अभी नहीं हो पाया है, लेकिन बहन से बात खत्म होते ही उसने मसोह पुल के पास जाकर उफनती नहर में मौत की छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने उसे नहर में कूदते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
एनडीआरएफ और पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन, तेज बहाव बना बाधा
राहगीरों द्वारा दी गई सूचना और परिजनों की गुमशुदगी की शिकायत के कड़ियों को जोड़ते हुए बीएसएल (BSL) कॉलोनी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एनडीआरएफ (NDRF) की आपदा राहत टीम को मौके पर बुलाया।
पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने संयुक्त रूप से नहर के भीतर एक सघन रेस्क्यू और सर्च अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि, बीबीएमबी नहर में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को आशीष का सुराग लगाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हर पहलू को खंगाल रही पुलिस, आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि युवक द्वारा अपनी बहन को कॉल करने के तुरंत बाद नहर में कूदने की बात सामने आई है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन रिकॉर्ड और कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ऐसी क्या वजह थी या बातचीत के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिसके कारण युवक ने इतना खौफनाक आत्मघाती कदम उठाया। मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।