नगर परिषद सुजानपुर ने वार्ड नंबर-2 स्थित सार्वजनिक शौचालय को शनिवार को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। शौचालय में पाई गई कमियों और अधूरे कार्यों को पूरा करने के बाद ही इसे जनता के लिए खोला जाएगा।
इससे पहले शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष नीलम धीमान और उपाध्यक्ष विनय सायल ने मुख्य बाजार सहित वार्ड नंबर-2 के शौचालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान शौचालय परिसर में कई खामियां सामने आई थीं।
निरीक्षण में मिली थीं कई कमियां
नगर परिषद के निरीक्षण में पाया गया कि शौचालय परिसर में सफाई व्यवस्था खराब थी और गंदगी फैली हुई थी।
इसके अलावा शौचालय के बाहर रखे पानी के टैंक पर ढक्कन नहीं लगाया गया था, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। परिसर के अंदर फुट स्टेप का निर्माण भी नहीं किया गया था।
वहीं विद्युत वायरिंग खुले में लटक रही थी और शौचालय परिसर के बाहर लगाई जाने वाली ग्रिल का काम भी अधूरा था।
अधूरे कार्य पूरे होने तक बंद रहेगा शौचालय
नगर परिषद ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए शौचालय पर ताला लगा दिया है। अब बाकी बचे कार्यों को पूरा करवाने के बाद ही इसे आम जनता को समर्पित किया जाएगा।
नगर परिषद का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
दूसरा शौचालय जनता के लिए खुला
नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता तिलक राज ने बताया कि शौचालय का शेष कार्य जल्द पूरा करवा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा को देखते हुए फिलहाल दूसरा शौचालय खुला रखा गया है, ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube