धर्मशाला।
योल बाजार और इसके आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही कूड़े की समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान होने जा रहा है। शनिवार को योल व्यापार मंडल द्वारा आयोजित 'संवाद सम्मेलन' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
संवाद के दौरान विधायक ने कहा कि योल बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले स्थानीय लोगों और राहगीरों को धूप व बारिश से बचाने के लिए शीघ्र ही एक रेन शेल्टर का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि योल क्षेत्र में कूड़े के उचित निपटान के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की गई है, जिससे बाजार में स्वच्छता सुनिश्चित होगी।
सम्मेलन के दौरान व्यापार मंडल के सदस्यों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया, जिनमें शामिल हैं स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव, ब्लॉक हो चुकी पाइप लाइनों को खुलवाना, स्थानीय श्मशानघाट का सौंदर्यीकरण, पीरू सिंह चौक में सार्वजनिक शौचालय (टॉयलेट) का निर्माण।
विधायक सुधीर शर्मा ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और व्यापार मंडल को आश्वस्त किया कि इन सभी समस्याओं का क्रमबद्ध तरीके (Phase-wise) से समाधान किया जाएगा।
व्यापारियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक ने व्यापार मंडल योल को 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है क्योंकि वे स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष रमन चौधरी, महासचिव मनोज चंदेल, कोषाध्यक्ष चांद रानी चड्ढा, संयुक्त सचिव सागर थापा, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री विजय कुमार, मंडल उपाध्यक्ष निर्मला देवी, बूथ अध्यक्ष श्याम सिंह व कुलदीप, और ग्राम केंद्र प्रभारी अजय गुलेरिया सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।