नौ दिनों तक शक्तिपीठ में रही भव्य रौनक, श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां डालकर मांगी मनोकामनाएं
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में गुप्त नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के दौरान माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
गुप्त नवरात्रि के दौरान करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता श्री नैना देवी के दर्शन किए और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुप्त नवरात्रि के चलते मंदिर परिसर में पूरे समय धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना की और प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डालकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
माता के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रशासन की व्यवस्था रही सुचारु
गुप्त नवरात्रि के दौरान मंदिर न्यास, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहीं।
पंजाब से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जताई आस्था
पंजाब से आए श्रद्धालु मुरारी लाल, रूप सिंगला और सुरेंद्र ने बताया कि उन्होंने परिवार सहित माता श्री नैना देवी के दरबार में गुप्त नवरात्रि का पूजन किया।
उन्होंने कहा कि माता के दर्शन आसानी से हुए और लंबी लाइनों के बावजूद व्यवस्था अच्छी रही। श्रद्धालुओं ने कहा कि मां के दरबार में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
श्रद्धालुओं ने मंदिर क्षेत्र के सुहावने मौसम और बेहतर व्यवस्थाओं की भी सराहना की